न्यू जनरेशन सोशल वेलफेयर सोसाइटी व आईटीआई भोड़िया खेड़ा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम
महिला सशक्तिकरण की दिशा में जागरूकता जरूरी : अनीता क्रांति
फतेहाबाद। न्यू जनरेशन सोशल वेलफेयर सोसाइटी और आईटीआई भोड़िया खेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आईटीआई परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण के महत्व को उजागर करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का फूलमालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित अनीता क्रांति और हिसार जिले के गांव राजली की सरपंच सुनीता देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा संस्था के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश खिचड़, राजली गांव से वजीर, जूनियर अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट अधिकारी सुधीर कुमार तथा आईटीआई भोड़िया खेड़ा के प्राचार्य रमेश कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। आईटीआई भोड़िया खेड़ा के प्राचार्य रमेश कुमार ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस प्रकार के आयोजनों को समाज में जागरूकता के लिए आवश्यक बताया। इस अवसर पर संस्था के सदस्य विष्णु बागड़ी, सुरेश लाखलान, मुकेश लाम्बा, विक्रम अरोड़ा, अर्जुन बागड़ी, रोहताश, सुनीता, विकास सहित आईटीआई भोड़िया खेड़ा का स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं। इस मौके पर हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की जिला समन्वयक भारती अरोड़ा ने कहा कि महिलाएं जैव विविधता संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

