सरकारी स्कूल में चोरी करने के मामले में दो आरोपी काबू; भूना पुलिस ने बरामद की चोरीशुदा वाटर मोटर और कूलर की जालियां
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दिन-दिहाड़े हुई थी चोरी; पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को दबोचा
भूना, 06 मार्च। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और दोषियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना भूना पुलिस ने सरकारी स्कूल में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ सिब्बू पुत्र संजय और विकास पुत्र रविंद्र, दोनों निवासी वार्ड नंबर 5, भूना के रूप में हुई है।
थाना भूना प्रभारी उप-निरीक्षक ओमप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल (G.M.S.S.S.S.), भूना के प्राचार्य श्री नरेश शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 04 मार्च 2026 को दिन के समय स्कूल परिसर से पानी की 2 मोटर (कलसी कंपनी, 1 HP) और कूलर की जालियां चोरी हो गई हैं।
शिकायत के आधार पर थाना भूना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत मुकदमा नंबर 46/2026 दर्ज किया गया।मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों, शिवा और विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई एक वाटर मोटर और 6 कूलर की जालियां (Mesh) बरामद कर ली हैं।मामले की जाँच जारी है ।

