सेम और जलभराव के मुद्दे पर किसानों ने किया डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र

फतेहाबाद जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले सैंकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार और बीमा कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने किया।
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि फतेहाबाद जिले के लगभग 23-24 गांवों खासकर बड़ोपल, चिंदड़, गोरखपुर, कुम्हारिया से लेकर भट्टूकलां, जांडवाला बागड़ तक में हजारों एकड़ भूमि पिछले काफी वर्षों से सेम और जलभराव की समस्या से जूझ रही है। इसके कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और भूमि बंजर होने की कगार पर है। विष्णुदत्त ने बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 से 2025 तक का बीमा क्लेम और मुआवजा अभी तक बकाया है। बीमा कंपनियों ने किसानों के खातों से प्रीमियम की राशि तो काट ली है, लेकिन नुकसान होने पर एक पैसा भी नहीं दिया जा रहा। छुट-पुट जलभराव का मुआवजा किसानों को बरगलाने भर का है। किसानों ने इसे कंपनियों द्वारा की जा रही खुली लूट करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *